रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान और अधिकारीयों को सिखाएंगे योग और उसका महत्व योगीराज भारत भूषण भारतेंदु

प्रेस नोट

मुंबई : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों और अधिकारियों के लिए विशेष योग सत्र का आयोजन किया जा रहा है। यह सत्र ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज के सानिध्य में सोमवार, 10 फरवरी को सुबह 10 बजे रेलवे पुलिस क्वार्टर्स, पंतनगर, घाटकोपर (पूर्व), मुंबई, महाराष्ट्र में आयोजित होगा।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों और अधिकारियों के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना है, जिससे वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन और अधिक कुशलता व ऊर्जा के साथ कर सकें। योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज, जो कि योग, संगीत और आध्यात्मिक ज्ञान के अद्भुत संगम के रूप में जाने जाते हैं, अपने विशेष मार्गदर्शन में RPF जवानों को योगाभ्यास कराएंगे और जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डालेंगे।

रेलवे सुरक्षा बल के जवान दिन-रात अपनी ड्यूटी निभाते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। ऐसे में योग न केवल उनके शरीर को मजबूत बनाएगा, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करने में सहायक सिद्ध होगा। यह सत्र न केवल उनके शारीरिक स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाएगा, बल्कि मानसिक शांति व आंतरिक संतुलन स्थापित करने में भी मदद करेगा।

इस अवसर पर रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, समाजसेवी और गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे। आयोजन से जुड़े सभी कर्मियों और योग साधकों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समय पर कार्यक्रम में शामिल होकर इसका लाभ उठाएं।

Share on:

Leave a Comment