पालघर पुलिस ने अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। क्राइम ब्रांच की टीम ने मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर की गई दबिश में 6,06,100 मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पाद बरामद किए। वाहन समेत कुल 16,06,100 का सामान जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर हाईवे पर जाल बिछा
पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख के निर्देशानुसार 28 अगस्त को वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रदीप पाटिल की टीम मुंबई-अहमदाबाद हाइवे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुजरात से मुंबई की ओर अवैध गुटखे की बड़ी खेप लाई जा रही है। तलासरी थाना क्षेत्र के हिमाचल पंजाब ढाबे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक आयसर टेम्पो रोका गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, गुटखा बरामद
वाहन की तलाशी लेने पर महाराष्ट्र में बिक्री के लिए प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकूजन्य उत्पाद मिले। पुलिस ने मौके से मोहम्मद अरबाज जमीरुल हक (22), दिलशाद शमशाद अली (20) और नेनाराम छबूजी गुजर (48) — इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक इस संबंध में तलासरी पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 123, 223, 274, 275 तथा अन्न सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच तलासरी पुलिस स्टेशन के उपनिरीक्षक जितेंद्र कांबले कर रहे हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख और अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक प्रदीप पाटिल की अगुवाई में की गई।