ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच, बोईसर कला–क्रीड़ा महोत्सव ने रचा नया कीर्तिमान
बोईसर : महाराष्ट्र स्पोर्ट्स एजुकेशन अकैडमी, तारापुर के तत्वावधान में आयोजित 21वें बोईसर कला–क्रीड़ा महोत्सव 2026 का भव्य समापन समारोह 9 जनवरी को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुआ। यह महोत्सव न केवल बोईसर बल्कि पूरे पालघर जिले का सबसे बड़ा कला, संस्कृति एवं खेल महोत्सव बनकर उभरा है।

इस महोत्सव ने ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को अपनी कला, सांस्कृतिक प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दृष्टि से बोईसर कला–क्रीड़ा महोत्सव को जिले का एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी उपक्रम माना जाता है।

उल्लेखनीय है कि यह महोत्सव पिछले 21 वर्षों से निरंतर प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करता आ रहा है। इस वर्ष महोत्सव के अंतर्गत 200 से अधिक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें पालघर जिले के कोने-कोने से 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभाग लिया। कला, सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ खुली कबड्डी, खुली वॉलीबॉल और बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताएं महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहीं।

समापन समारोह के अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों के साथ बोईसर थाना प्रभारी सुनील जाधव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

महाराष्ट्र स्पोर्ट्स एजुकेशन अकैडमी के अध्यक्ष संजय जे. पाटील तथा कार्याध्यक्ष डैरेल डिमेलो के सतत प्रयास, समर्पण और दूरदृष्टि के कारण आज बोईसर कला–क्रीड़ा महोत्सव ने पालघर जिले के सबसे प्रतिष्ठित और व्यापक खेल महोत्सव के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है।






