palghar : राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जूनियर शूटिंग प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके 27 वर्षीय राष्ट्रीय निशानेबाज़ संभाजी पाटील की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना मुंबई–अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग पर पालघर जिले के दुर्वेस गांव की सीमा में हेरिटेज डेयरी के सामने हुई, जहां एक फॉर्च्यूनर कार और हाइवा ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई।
यह हादसा आज सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच हुआ। दुर्घटना में संभाजी पाटील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके 23 वर्षीय मित्र यश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। संभाजी पाटील वर्तमान में बालेवाड़ी क्रीड़ा संकुल में क्रीड़ा अधिकारी के रूप में कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज़ संभाजी पाटील और उनके मित्र प्रणय प्रशांत चौधरी फॉर्च्यूनर कार (क्रमांक BR 05 PB 5055) से गुजरात की ओर जा रहे थे। दुर्वेस गांव के पास कार तेज रफ्तार में दूसरी लेन से पहली लेन में जाते समय सामने से आ रहे हाइवा ट्रक का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण यह भीषण टक्कर हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही महामार्ग पुलिस और मनोर पुलिस मौके पर पहुंची। संभाजी पाटील को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव छत्रपति संभाजीनगर ले जाया जाएगा।इस मामले में मनोर पुलिस थाना में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक बालाजी मुंढे कर रहे हैं।






