बोईसर के जय महाकालेश्वर मंदिर में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव सम्पन्न, श्रद्धा और आस्था का उमड़ा सैलाब

बोईसर : रामचंद्र नगर स्थित जय महाकालेश्वर मंदिर में आयोजित भव्य तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव आज विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में धार्मिक उल्लास, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस ऐतिहासिक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
महोत्सव के प्रथम दिन पारंपरिक विधि-विधान के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभाग लिया। जयघोष के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। दूसरे दिन भगवान महाकाल की मूर्ति की नगर भ्रमण यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
तीसरे व अंतिम दिन, वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन-पूजन और विधिवत पूजा-पाठ के साथ भगवान महाकाल की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न की गई। इस दौरान मंदिर परिसर “हर हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में बजरंग दल जिला संयोजक कुंदन सिंह, संदीप संखे, सुरेश तिवारी, पिंटू गुप्ता, रणजीत सिंह व मुकलेश गिरी सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। आयोजन समिति ने सभी सहयोगकर्ताओं और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। मंदिर समिति का कहना है कि जय महाकालेश्वर मंदिर आने वाले समय में क्षेत्र में धार्मिक आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे परिसर में भक्तिभाव का माहौल बना रहा।

Share on:

Leave a Comment