मुंबई से सूरत की ओर उड़ान भर रहे एक प्रशिक्षण हेलिकॉप्टर में मंगलवार दोपहर अचानक तकनीकी खराबी आ जाने से कुछ देर के लिए इलाके में हड़कंप मच गया। कॉकपिट में ‘रेड अलर्ट’ सिग्नल मिलते ही पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए केलवा रोड में एक स्कूल के मैदान पर हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग कराई। राहत की बात यह रही कि सिर्फ 6 मिनट में केलवा रोड पुलिस मौके पर पहुंची। हेलिकॉप्टर में सवार सभी चार लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हेलिकॉप्टर मुंबई के जुहू चौपाटी से गुजरात के सूरत के लिए प्रशिक्षण उड़ान पर निकला था। इसमें दो कैप्टन, एक इंजीनियर और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। हेलिकॉप्टर पश्चिम रेलवे मार्ग के समानांतर उड़ान भरते हुए सूरत की ओर जा रहा था। सफाले स्टेशन के आगे बढ़ते ही अचानक कॉकपिट में तकनीकी खराबी का संकेत मिला और ‘रेड अलर्ट’ सक्रिय हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलटों ने तुरंत निर्णय लेते हुए केलवा रोड स्थित विद्या भवन माध्यमिक विद्यालय के खुले मैदान में दोपहर करीब 12.30 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई। हेलिकॉप्टर के अचानक उतरने से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
जैसे ही स्थानीय नागरिकों को हेलिकॉप्टर में खराबी की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत केलवा पुलिस थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही महज पांच से छह मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने हेलिकॉप्टर में सवार लोगों से हालचाल पूछा और आवश्यक मदद की पेशकश की।
इसके बाद हेलिकॉप्टर में मौजूद इंजीनियर ने तकनीकी खराबी की जांच कर मौके पर ही मरम्मत की। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद खराबी दूर कर दी गई। दुरुस्ती के बाद दोपहर लगभग 1.10 बजे हेलिकॉप्टर ने दोबारा उड़ान भरी और सुरक्षित रूप से मुंबई की ओर रवाना हो गया।
केलवा पुलिस थाने के एपीआई दत्ता शेलके ने बताया, “हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आई थी, जिसे मौके पर ही ठीक कर लिया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और इसके बाद हेलिकॉप्टर मुंबई के लिए रवाना हो गया।”
इस पूरी घटना में किसी तरह की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन समय रहते लिए गए फैसले और सतर्कता के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई, जिससे इलाके के लोगों ने भी राहत की सांस ली।






