Palghar | चलती लोकल से वैतरणा खाड़ी में गिरा बोईसर का युवक, पिलर पकड़कर बचाई जान; मछुआरों ने किया रेस्क्यू

पालघर) ‘जिसको भगवान रखे, उसे कौन चखे’ कहावत का साक्षात उदाहरण आज पालघर जिले के डहाणू में देखने को मिला। पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेन से एक युवक वैतरणा खाड़ी में गिर गया, लेकिन किस्मत ने उसका साथ दिया और उसने खाड़ी में बने एक पिलर को पकड़कर अपनी जान बचा ली। स्थानीय मछुआरों ने नाव की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना पश्चिम रेलवे के उपनगरीय मार्ग पर डहाणू और विरार रेलवे स्टेशन के बीच हुई। युवक का नाम उदयन वांगड है, जो बोईसर का निवासी है। वह काम के सिलसिले में बाहर गया था और रात में ट्रेन से बोईसर लौट रहा था। सफर के दौरान वह ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा था।
जब लोकल ट्रेन वैतरणा खाड़ी से गुजर रही थी, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन से सीधे खाड़ी में जा गिरा। युवक को गिरते देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई। मोटरमैन ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान पता चला कि युवक जिंदा है और खाड़ी में चल रहे निर्माण कार्य के एक पिलर को पकड़कर लटका हुआ है। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
स्थानीय मछुआरों ने नाव लेकर घटनास्थल पर पहुंचकर उदयन को सुरक्षित बाहर निकाला। खाड़ी में गिरने से वह घायल हो गया, जिसे तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चलती ट्रेन से खाड़ी में गिरने के बावजूद युवक के सुरक्षित बच जाने से सभी ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू में सहयोग देने वाले स्थानीय लोगों की पुलिस ने सराहना की।

Share on:

Leave a Comment