पालघर : राजस्थानी प्रवासी संघ 36 कोम, दहाणू पालघर के तत्वावधान में आगामी 3 मार्च 2026, मंगलवार को शाम 4 बजे से भव्य होली स्नेह मिलन समारोह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर राजस्थान की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक गैर नृत्य, लोकगीत, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामाजिक मिलन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम केवल होली उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रवासी राजस्थानी समाज के बीच आपसी मेल-मिलाप, एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने का भी माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में राजस्थान के सुप्रसिद्ध गायक भगवत सुधार अपनी मधुर और जोशीली प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बनाएंगे। वहीं फिल्म अभिनेत्री ट्विंकल वैष्णव और सोनल रायका की विशेष उपस्थिति समारोह की शोभा बढ़ाएगी। मंच संचालन की जिम्मेदारी देवेन्द्र धवल मूलेवा निभाएंगे, जबकि फिल्म कलाकार हमीराराम रायका भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक राजस्थानी गैर नृत्य विशेष आकर्षण रहेगा, जिसमें आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि होली का यह स्नेह मिलन समारोह समाज में आपसी संवाद, परिचय और संबंधों को मजबूत करने का माध्यम बना है। प्रवासी समाज के लिए ऐसे आयोजन अपनी जड़ों से जुड़े रहने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम मे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां जो नई पीढ़ी को राजस्थान की परंपराओं, वेशभूषा, संगीत और लोकनृत्य से परिचित कराया जा सके। आयोजकों का कहना है कि समाज की एकता और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजनों का नियमित रूप से होना आवश्यक है।
होली के इस रंगारंग समारोह में जिले भर से समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग, महिला वर्ग एवं विभिन्न धार्मिक,सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, सहयोग और भाईचारे का संदेश भी दिया जाएगा। राजस्थानी प्रवासी संघ 36 कोम ने विश्वास जताया है कि यह होली स्नेह मिलन समारोह दहाणू-पालघर-बोईसर क्षेत्र में रहने वाले राजस्थानी समाज के लिए यादगार साबित होगा और समाज में सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।






