भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार, पालघर के संतोष जनाठे बने प्रदेश सचिव

मुंबई : भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने पार्टी संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया है। इस विस्तार में विभिन्न जिलों के सक्रिय और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसी कड़ी में पालघर जिले के जमीन से जुड़े और संगठन में लंबे समय से सक्रिय भाजपा नेता संतोष जनाठे को प्रदेश सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है। उनके मनोनयन से पालघर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
संतोष जनाठे संगठन के प्रति समर्पित और सक्रिय कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। वे लंबे समय से पार्टी के विभिन्न अभियानों और सामाजिक कार्यक्रमों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और आम नागरिकों से सीधा संवाद बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रदेश कार्यकारिणी में पालघर जैसे महत्वपूर्ण जिले को प्रतिनिधित्व देकर पार्टी ने आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए संतुलन साधने का प्रयास किया है। जनाठे की नियुक्ति से जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने विश्वास जताया है कि नई जिम्मेदारियां संभालने वाले पदाधिकारी पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को और सशक्त बनाने का काम करेंगे।

Share on:

Leave a Comment