पालघर : जिले के दहानू में प्रस्तावित जनाक्रोश मोर्चा और दहानू नगरपरिषद घेराव कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। आयोजकों ने बताया कि प्रशासन द्वारा उनकी सभी संवैधानिक मांगों को स्वीकार कर लिया गया है, जिसके बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए कहा कि उनकी ओर से रखी गई मांगों में से दो पर तत्काल कार्रवाई कर दी गई है, जबकि एक अन्य मांग को लेकर दहानू नगरपरिषद ने लिखित आश्वासन दिया है और निर्धारित समय सीमा मांगी है।
आंदोलनकारियों ने पुलिस प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी बात को गंभीरता से सुना गया.उन्होंने विशेष रूप से स्थानीय पुलिस अधिकारियों और नगरपरिषद प्रशासन के सहयोग की सराहना की। संगठन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि तय समय सीमा में शेष मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है तो आगे की रणनीति पर पुनः विचार किया जाएगा। फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया गया है और समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
कथित अवैध निर्माण पर नगर परिषद की कार्रवाई तेज, नोटिस जारी,7 दिन में हटाने का आश्वासन
डहाणू नगर परिषद ने तालुका क्षेत्र में कथित अनधिकृत धार्मिक निर्माण को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से 5 व 18 फरवरी 2026 को दी गई शिकायतों के संदर्भ में परिषद ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

नगर परिषद के अनुसार, मल्याण पटेलपाडा स्थित एक निर्माण के संबंध में पूर्व में भी नोटिस जारी किए गए थे। हाल ही में महाराष्ट्र प्रादेशिक नियोजन एवं नगररचना अधिनियम, 1966 की धाराओं 52 व 53 के तहत 23 फरवरी 2026 को फिर से नोटिस जारी किया गया। संबंधित पक्ष की ओर से 25 फरवरी को स्पष्टीकरण देते हुए 7 दिन के भीतर अनधिकृत हिस्से को हटाने का आश्वासन दिया गया है। परिषद ने बताया कि निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसकी पुष्टि के लिए जीपीएस फोटो भी संलग्न किए गए हैं। वहीं, डहाणू गांव में शोभा होटल के पास स्थित एक अन्य निर्माण को लेकर भी उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लेख किया गया है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि संबंधित मामलों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। नगर परिषद ने कहा कि सभी कार्रवाई महाराष्ट्र नगर परिषद अधिनियम और लागू निर्माण नियमों के तहत की जा रही है.






