बोईसर | पालघर पुलिस को एक गंभीर गोलीबारी मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। प्रेम विवाह से नाराज होकर एक युवक के घर में घुसकर उसके पिता पर गोली चलाने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 फरवरी 2026 को रात करीब 2 बजे वाळवे बस स्टॉप (पोस्ट महागांव), तहसील व जिला पालघर निवासी प्रीतेश सुरेश वरखंडे (22 वर्ष) के घर में आरोपी उमेश घरत (52 वर्ष), निवासी बेटेगांव, पालघर जबरन घुस आया। बताया गया है कि प्रीतेश और उनकी पत्नी ने प्रेम विवाह किया था, जिससे आरोपी नाराज था।
आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने प्रीतेश के पिता सुरेश राजा वरखंडे (52 वर्ष) के सिर के पीछे पिस्तौल से गोली चलाकर उनकी हत्या का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी ने प्रीतेश और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की, उन पर मिर्च पाउडर फेंका और मोटरसाइकिल से फरार हो गया। घटना के बाद बोईसर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे के मार्गदर्शन तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी, बोईसर विकास नाईक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर फरार आरोपी को 1 मार्च 2026 को जिला यवतमाल के वर्णी पुलिस थाना क्षेत्र से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। फिलहाल मामले की आगे की जांच उपविभागीय पुलिस अधिकारी विकास नाईक द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में बोईसर पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक सुनील जाधव सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।






