पालघर : राजस्थानी प्रवासी संघ 36 कोम दहाणू पालघर के तत्वावधान में 3 मार्च 2026, मंगलवार को शाम 4 बजे से देर रात तक “भव्य होली स्नेह मिलन समारोह 2026” का आयोजन हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में राजस्थान की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक गैर नृत्य, लोकगीत, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामाजिक मेल-मिलाप का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस आयोजन में पूरे पालघर जिले के विभिन्न क्षेत्रों—दहाणू, बोईसर, वसई, विरार सहित अन्य स्थानों से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक वेशभूषा और राजस्थानी संस्कृति की झलक ने सभी का मन मोह लिया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रवासी राजस्थानी समाज के बीच आपसी एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करना रहा। मंच से समाज की एकजुटता, नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने तथा सामाजिक सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
समारोह में राजस्थान के सुप्रसिद्ध गायक भगवत सुथार और दीपक राठौड़ ने अपनी मधुर आवाज और जोशीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पारंपरिक लोकगीतों और होली के विशेष गीतों पर उपस्थित जनसमूह देर रात तक झूमता रहा। वहीं फिल्म अभिनेत्री ट्विंकल वैष्णव और सोनल रायका ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं सधे हुए अंदाज में संचालन देवेन्द्र धवल मूलेवा ने किया, जिन्होंने पूरे समारोह को उत्साहपूर्ण बनाए रखा।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में संघ की 52 सदस्यीय टीम ने दिन-रात मेहनत की। सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और समर्पण के कारण कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। समारोह ने न केवल होली के रंगों को जीवंत किया, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और प्रवासी समाज की मजबूती का भी सशक्त संदेश दिया। यह आयोजन पालघर जिले में राजस्थानी समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनकर उभरा।






