पालघर जिले के डहाणू तालुका अंतर्गत कासा क्षेत्र के कांदरवाडी स्थित एकात्मिक आदिवासी विकास प्रकल्प के अंतर्गत आने वाली शासकीय प्राथमिक विद्यालय की बालिका छात्रावास में कुछ दिन पहले शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी। इस घटना में छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की कई जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। आग की इस घटना में छात्राओं की किताबें, कॉपियां, वाचनालय का कुछ साहित्य तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री को काफी नुकसान पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल पालघर जिला के कार्यकर्ता छात्रावास पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। छात्राओं को पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस उद्देश्य से कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य करते हुए छात्रावास की बालिकाओं को शैक्षणिक सामग्री जैसे कॉपियां, पेन और अन्य जरूरी वस्तुओं का वितरण किया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना संगठन का सामाजिक दायित्व है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य लगातार किए जाते रहेंगे। इस पहल से छात्रावास की बालिकाओं को काफी राहत मिली और स्थानीय लोगों ने भी इस सेवा कार्य की सराहना की।






