तारापुर की आरती फार्मा लैब में जहरीली गैस रिसाव, 18 मजदूर प्रभावित

बोईसर : महाराष्ट्र के तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित आरती फार्मा लैब कंपनी में गैस रिसाव की गंभीर घटना सामने आई है। इस हादसे में करीब 18 मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आ गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे प्लॉट नंबर D-18 स्थित कंपनी में हुई। बताया जा रहा है कि ‘डाय मिथाइल सल्फेट’ नामक रसायन को टैंकर में भरते समय लीकेज हो गया। यह गैस बाहरी हवा के संपर्क में आते ही तेजी से फैल गई, जिससे आसपास मौजूद मजदूर प्रभावित हो गए।
गैस के प्रभाव से मजदूरों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन, उल्टी और मितली जैसी समस्याएं होने लगीं। सभी प्रभावितों को तुरंत बेटेगांव स्थित लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
इस बीच, कंपनी पर आरोप है कि उसने गैस रिसाव की घटना को दबाने की कोशिश की और प्रशासन को समय पर सूचना नहीं दी। औद्योगिक एवं सुरक्षा संचालनालय के अधिकारी माधव तोटेवाड़ ने घटना की पुष्टि की है।फिलहाल इस मामले में बोईसर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Share on:

Leave a Comment