मुंबई उपनगरीय रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विरार से दहानू के बीच पहली बार 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, विरार कारशेड में ICF द्वारा निर्मित 15 डिब्बों की दो नई लोकल ट्रेनें पहुंच चुकी हैं। इनमें से एक ट्रेन को विरार–दहानू रूट पर चलाया जाएगा।
हालांकि, यह ध्यान देने वाली बात है कि नई सर्विस नहीं बढ़ाई जाएगी, बल्कि मौजूदा 12 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों की जगह 15 डिब्बों की ट्रेनें चलाई जाएंगी। वर्तमान में इस रूट पर 42 लोकल सेवाएं संचालित होती हैं, जिनमें से 8 सेवाएं अब 15 डिब्बों की होंगी।
इस बदलाव से कुल ट्रेनों की संख्या में कोई इजाफा नहीं होगा, लेकिन प्रत्येक ट्रेन की यात्री क्षमता बढ़ जाएगी। अनुमान है कि इससे करीब 20 से 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त यात्रियों को जगह मिल सकेगी, जिससे खासकर पीक आवर में भीड़ में कमी आएगी।
विरार–दहानू बेल्ट में तेजी से बढ़ती आबादी और औद्योगिक विकास के चलते ट्रेनों में भीड़ लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह कदम यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
साथ ही, वीकेंड पर पालघर और दहानू क्षेत्र में घूमने जाने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी ज्यादा होती है। 15 डिब्बों वाली लोकल शुरू होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों का सफर पहले से अधिक आरामदायक और सुविधाजनक हो जाएगा।






