बोईसर – तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में गैस रिसाव से मची अफरा तफरी, कई किलोमीटर तक फैला असर

पालघर जिले के तारापुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एमआईडीसी के डी-ज़ोन में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भघेरिया केमिकल्स प्लॉट क्रमांक D -17 (पूर्व नाम ज़ेनित केमिकल्स) यूनिट में ओलियम गैस का रिसाव हो गया। घटना दोपहर करीब 2 से 2:15 बजे के बीच हुई, जिसके बाद आसपास के कारखानों और रिहायशी इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हवा के रुख ने बढ़ाई परेशानी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उस समय हवा पश्चिम से पूर्व दिशा की ओर बह रही थी। ओलियम गैस हवा के संपर्क में आते ही सल्फर डाइऑक्साइड और अन्य सल्फर ऑक्साइड में परिवर्तित हो गई। देखते ही देखते गैस का असर कई किलोमीटर के दायरे तक फैल गया।

लोगों की आंखो में जलन और घबराहट

गैस के प्रभाव से कामगारों और स्थानीय नागरिकों में आंखों में जलन, और घबराहट जैसी शिकायतें सामने आईं। कई लोगों को एहतियातन बाहर खुले स्थानों पर जाना पड़ा। कुछ फैक्ट्रियों में काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण टीम सतर्क

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी टीमें मौके पर पहुंचीं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन ने एहतियातन निगरानी बढ़ा दी है।

पिछली घटना की याद ताजा

गौरतलब है कि तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में इससे पहले भी रासायनिक गैस रिसाव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में भय और आक्रोश दोनों देखा गया था। पिछली घटना के बाद सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने और रासायनिक इकाइयों की नियमित जांच का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके दोबारा हुई इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों की मांग

स्थानीय नागरिकों और कामगार संगठनों ने मांग की है कि संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

Share on:

Leave a Comment