सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने उपहार और होर्डिंग से दूरी बनाकर किसानों की मदद के लिए मुख्यमंत्री सहायता निधि में राशि जमा कराने का लिया संकल्प, वहीं भरत राजपूत के जन्मदिन पर बोईसर में दिखी जमकर पोस्टरबाजी
पालघर : जन्मदिन मनाने के तौर-तरीकों को लेकर पालघर जिले में इन दिनों दो अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिली,एक ओर पालघर के सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने अपने जन्मदिन पर दिखावे और उपहारों के चलन से अलग हटकर सादगी को प्राथमिकता दी, तो दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष भरत राजपूत के जन्मदिन पर बोईसर शहर में जगह-जगह बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनर नजर आए।
हाल ही में अपना जन्मदिन मनाने वाले सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने किसी भी तरह के उपहार स्वीकार नहीं करने का निर्णय लिया था। साथ ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं से पोस्टर-बैनर लगाने से भी परहेज करने की अपील की। उन्होंने जन्मदिन को व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित रखने के बजाय किसानों की मदद से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री सहायता निधि में आर्थिक सहयोग जमा कराने का संकल्प लिया। यह संकल्प लगभग सफल होता हुआ दिखा ।
इसके विपरीत भाजपा जिलाध्यक्ष भरत राजपूत के जन्मदिन पर बोईसर शहर में अलग ही नजारा देखने को मिला। शहर के लगभग हर प्रमुख चौराहे और तिराहे पर शुभकामना संदेशों वाले बड़े-बड़े होर्डिंग नजर आए । सड़कों और प्रमुख स्थानों पर नजर आ रहे बैनरों ने जन्मदिन के उत्सव को व्यापक प्रचार का रूप दे दिया।
दोनों नेताओं के जन्मदिन मनाने के इन अलग-अलग तरीकों ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में एक नई चर्चा छेड़ दी है। एक तरफ सादगी और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने की कोशिश दिखाई दी, तो दूसरी तरफ समर्थकों की ओर से बड़े पैमाने पर होर्डिंग लगाकर शुभकामनाएं देने का चलन सामने आया।
सवाल यह है कि जनप्रतिनिधियों के जन्मदिन पर असली पहचान बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर होने चाहिए या समाज के लिए किए गए ऐसे काम, जिनका लाभ आम लोगों तक पहुंचे?






