बोईसर के रुपरजत पार्क में भीषण अग्निकांड, देखते ही देखते जलकर खाक हुईं 15 झोपड़ियां!

पालघर जिले के बोईसर पूर्व स्थित बेटेगांव के रुपरजत पार्क में बंगलों के समीप शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे भीषण आग लग गई। मजदूरों के रहने के लिए बनाई गई अस्थायी झोपड़ियों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक करीब 12 से 15 झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं।
जानकारी के अनुसार, रुपरजत पार्क में जब बिल्डिंग निर्माण का काम चल रहा था, उस दौरान मजदूरों ने अपने रहने के लिए ये अस्थायी झोपड़ियां बनाई थीं। फिलहाल यहां निर्माण कार्य बंद होने के कारण झोपड़ियों में रहने वाले मजदूर परिवारों के सदस्य सुबह जल्दी ही काम की तलाश में अन्य जगहों पर जा चुके थे। इस वजह से आग लगने के समय झोपड़ियों के अंदर कोई मौजूद नहीं था और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। गौरतलब है कि इसी स्थान पर पूर्व में भी आग लगने की घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में बार-बार आग लगने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share on:

Leave a Comment