पालघर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वाणगाव में रामराज ग्रुप – कैप्टन सत्याम ठाकूर की ओर से विशेष महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर DYSP विकास नाइक, पूर्व विधायक आनंदभाई ठाकूर, सुरेंद्र पाटील, सरपंच सुनीता भावर, डॉ. प्रतिक्षा कोंधारी, डॉ. मीनाक्षी पडवळे तथा समाजसेविका मधुबाई की प्रमुख उपस्थिति रही। कार्यक्रम में नागपुर की भावना पवार और पुणे की सुरेखा लेबे ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहकर महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण धावलेरी आदिवासी महिलाओं का सम्मान रहा। समाज की पारंपरिक संस्कृति को सहेजकर रखने और समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली इन महिलाओं का विशेष रूप से सम्मान किया गया। इसके साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली अन्य महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन “रानी दुर्गावती बचत गट – विरे” की ओर से वर्षा वायदा ने किया। वाणगाव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति में यह कार्यक्रम उत्साह और हर्षोल्लास के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






