SIR के काम में लापरवाही पड़ी भारी, नालासोपारा के सहायक मतदाता पंजीयन अधिकारी निलंबित

पालघर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम में कर्तव्य में लापरवाही बरतने के मामले में नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र के सहायक मतदाता पंजीयन अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।
132 नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र के लिए पंचायत समिति वसई के गटशिक्षणाधिकारी गोपाल चौधरी को सहायक मतदाता पंजीयन अधिकारी (AERO) नियुक्त किया गया था। प्रशासन के अनुसार, नियुक्ति के बाद वे बिना किसी पूर्व सूचना या सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अपने कर्तव्य से अनुपस्थित रहे और SIR कार्यक्रम से संबंधित कोई कार्य नहीं किया।
अधिकारी पर काम में लापरवाही, उदासीनता, टालमटोल और कर्तव्य में कसूर करने का आरोप है। इसके चलते संबंधित विधानसभा क्षेत्र का चुनावी पुनरीक्षण कार्य प्रभावित हुआ और काम अधूरा रह गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पालघर के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए तत्काल निलंबन के निर्देश मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद पालघर को दिए। इसके बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारी की ओर से निलंबन आदेश जारी किया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि SIR कार्यक्रम भारत निर्वाचन आयोग का महत्वपूर्ण और समयबद्ध अभियान है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, निष्क्रियता, काम में टालमटोल या कर्तव्य में कसूर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Share on:

Leave a Comment