FDA की दनादन कार्यवाही : मनोर मे 1.5 करोड़ का गुटखा जब्त, Zepto और बृजवासी के लाइसेंस निलंबित… पढ़े पूरी खबर

महाराष्ट्र: राज्य में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न जिलों में कंपनियों, दुकानों, होटल-ढाबों और खाद्य निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई की गई। अभियान के तहत करीब 1.73 करोड़ रुपये के प्रतिबंधित खाद्य उत्पाद और वाहन जब्त किए गए। वहीं, नियमों के उल्लंघन के मामलों में 10 एफआईआर दर्ज की गईं और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इस अभियान के दौरान गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां सामने आने पर मुंबई में भांडुप स्थित Zepto Limited और मालाड पश्चिम स्थित Krishnam Retails LLP (बृजवासी) के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी गंभीर उल्लंघन और जनस्वास्थ्य के लिए खतरा पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पनीर उत्पादन कक्ष में मिली छिपकली, तीन इकाइयों के लाइसेंस निलंबित
रायगढ़ जिले के तलोजा में FDA की टीम ने डेयरी उत्पाद बनाने वाली इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर उत्पादन कक्ष में छिपकली मिलने से खाद्य पदार्थों की स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। जांच में स्वच्छता व्यवस्था बेहद खराब पाए जाने पर तीन निर्माण इकाइयों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
कार्रवाई के दौरान 5,394 लीटर संदिग्ध स्किम्ड मिल्क, 119 किलोग्राम लो-फैट पनीर और 1,019 किलोग्राम दही नष्ट किया गया। इन उत्पादों की कुल कीमत करीब 3.88 लाख रुपये बताई गई है।
पुणे में 21.94 लाख रुपये का संदिग्ध खाद्य तेल जब्त
पुणे संभाग में FDA की जांच के दौरान 9,675 किलोग्राम संदिग्ध और असुरक्षित खाद्य तेल बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 21.94 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा, स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर सात होटल और ढाबों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें से चार प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित हो रहे थे। अधिकारियों ने इन प्रतिष्ठानों को कारोबार बंद करने का निर्देश दिया।
मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर 1.51 करोड़ का गुटखा जब्त, छह गिरफ्तार
FDA के राज्यव्यापी अभियान के दौरान मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर मनोर के पास एक ट्रक से प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कीमत करीब 1.51 करोड़ रुपये बताई गई है।
इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि ड्राइवर और क्लीनर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से अधिकारियों ने यह कार्रवाई की।
अन्य जिलों में भी कार्रवाई
राज्य के नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, नागपुर और अहिल्यानगर में भी FDA की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और जांच अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ, वाहन और निर्माण तिथि के बिना बेचा जा रहा गुड़ जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती
FDA के मुताबिक, राज्यभर में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 1.73 करोड़ रुपये के प्रतिबंधित खाद्य उत्पाद और वाहन जब्त किए गए तथा 10 एफआईआर दर्ज की गईं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने और लोगों के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share on:

Leave a Comment