केमिकल से पके 1,394 किलो केले ज़ब्त, 16,730 लीटर डिटर्जेंट युक्त दूध नष्ट, लाखो के गुटखे जब्त तो 11 होटलों पर कार्यवाही
मुंबई/पालघर। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य पदार्थों में मिलावट और प्रतिबंधित उत्पादों के खिलाफ राज्यभर में व्यापक अभियान चलाते हुए दहाणू से लेकर मुंबई तक बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान तुर्भे APMC में केमिकल से पकाए जा रहे 1,394 किलो केले जब्त, पुणे के मालशिरस में डिटर्जेंट-मिलावटी 16,730 लीटर दूध नष्ट किया गया। वहीं पालघर और वसई में प्रतिबंधित गुटखा-तंबाकू ले जा रहे वाहनों पर कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये का माल और वाहन जब्त किए गए।
तुर्भे APMC में केमिकल से पकाए जा रहे थे केले
FDA अधिकारियों ने सूचना के आधार पर 5 अक्टूबर को तुर्भे सेक्टर-19 स्थित APMC फ्रूट मार्केट की एक दुकान पर छापा मारा। जांच में केले BTHILEX (एथेफोन 39% SL) के घोल में डुबोकर पकाए जाने का मामला सामने आया। पूछताछ में विक्रेता ने बताया कि पांच लीटर पानी में केमिकल के दो ढक्कन मिलाए गए थे।
FDA ने मौके से 1,394 किलो केले, जिनमें 198 किलो सुंदरी, 498 किलो इलायची और 698 किलो खट्टा-मीठा किस्म के केले शामिल थे, जब्त किए। जब्त माल की कीमत करीब 67,814 रुपये बताई गई है। केलों और इस्तेमाल किए जा रहे केमिकल के घोल के नमूने जांच के लिए लिए गए।
अधिकारियों के मुताबिक केमिकल के कंटेनर पर निर्माता की जानकारी भी संदिग्ध पाई गई और CIB&RC पंजीकरण नंबर दर्ज नहीं था। इससे उत्पाद के नकली होने का संदेह भी जताया गया है। मामले में APMC पुलिस स्टेशन में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006, BNS 2023 और कीटनाशक अधिनियम 1968 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
FDA ने स्पष्ट किया कि FSSAI के नियमों के अनुसार फलों को पकाने के लिए नियंत्रित बंद कक्ष में निर्धारित सीमा तक एथिलीन गैस का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन फलों को सीधे एथेफोन के घोल में डुबोकर पकाना प्रतिबंधित है।
डिटर्जेंट मिला तो 16,730 लीटर दूध नष्ट
FDA के पुणे डिवीजन ने मालशिरस के पिलिव क्षेत्र में दो डेयरियों के दूध के नमूनों में डिटर्जेंट पाए जाने के बाद बड़ी कार्रवाई की। दोनों प्रतिष्ठानों के दूध को असुरक्षित घोषित करते हुए कुल 16,730 लीटर दूध नष्ट कराया गया।
महालक्ष्मी मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट्स: 7,634 लीटर दूध, कीमत करीब 3.05 लाख रुपये
डेलिविश एग्रो डेयरी प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड: 9,096 लीटर दूध, कीमत करीब 3.63 लाख रुपये
कुल नष्ट किए गए दूध की कीमत करीब 6.69 लाख रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की गई।
दहाणू में 43.5 लाख का गुटखा जब्त, वाहन भी पकड़ा
प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान में FDA के कोंकण डिवीजन ने पालघर जिले में दो वाहनों को पकड़ा। दहाणू के चारोटी टोल नाका पर कार्रवाई के दौरान करीब 43.5 लाख रुपये का प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद और करीब 20 लाख रुपये कीमत का वाहन जब्त किया गया।
वहीं वसई के खादिनावडे टोल नाका पर करीब 19.8 लाख रुपये का गुटखा और 15 लाख रुपये कीमत का वाहन जब्त किया गया।
इस अभियान में प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों की कुल जब्ती करीब 94.45 लाख रुपये बताई गई है, जबकि करीब 35 लाख रुपये कीमत के वाहन भी जब्त किए गए। कार्रवाई में पांच लोगों की गिरफ्तारी और तीन FIR दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मुंबई में भी गुटखा-तंबाकू पर शिकंजा
FDA के मुंबई डिवीजन ने 30 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच तीन प्रतिष्ठानों की जांच कर करीब 31.14 लाख रुपये के प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पाद जब्त किए। इस कार्रवाई में तीन FIR दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा मुंबई डिवीजन में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और दस्तावेजों से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 11 होटल और भोजनालयों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें आठ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और तीन के पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबित किए गए।
जांच के दौरान गलत तापमान पर खाद्य सामग्री रखने, मक्खियों और कीड़े-मकोड़ों की मौजूदगी, खुले कूड़ेदान, खुले में रखा भोजन, काले पड़ चुके खाना पकाने के तेल का दोबारा इस्तेमाल, नॉन-फूड-ग्रेड प्लास्टिक का इस्तेमाल, खराब फर्श, अपर्याप्त कीट नियंत्रण और कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र नहीं होने जैसी गंभीर कमियां सामने आईं।
FDA की इस कार्रवाई से साफ है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ दहाणू-पालघर से लेकर वसई और मुंबई तक अभियान तेज कर दिया गया है।






