पालघर जिले की वाढवन बंदरगाह परियोजना के विरोध में चल रहा आंदोलन संविधान दिवस पर और तेज हो गया। दहानू तहसील के वरोर में पिछले करीब 120 से ज्यादा दिनों से जारी धरने के बीच गुरुवार को बंदरगाह विरोधी संगठनों, कांग्रेस, माकपा, उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना और महाविकास आघाड़ी की ओर से संविधान रैली निकाली गई। रैली में माकपा विधायक विनोद निकोले भी शामिल हुए। इस दौरान ग्रीनफील्ड हाईवे निर्माण स्थल की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोक दिया। कई महिला प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।प्रदर्शनकारियों ने वाढवन बंदरगाह और ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना का विरोध करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय किसानों, मछुआरों और भूमिपुत्रों की आजीविका प्रभावित होगी।
महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद दहानू में बढ़ा तनाव, रिहाई के लिए कैप्टन ने संभाला मोर्चा
ग्रीनफील्ड हाईवे निर्माण स्थल की ओर बढ़ रही महिला आंदोलनकारियों को पुलिस ने रोककर हिरासत में ले लिया और उन्हें दहानू ले गई। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण दहानू पहुंच गए। महिलाओं की तत्काल रिहाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस के सामने विरोध जताया। इस दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
कांग्रेस के पालघर जिला अध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकुर भी ग्रामीणों के साथ दहानू पहुंचे। उन्होंने हिरासत में ली गई महिलाओं की रिहाई की मांग को लेकर पुलिस से बातचीत की और आंदोलनकारियों के साथ खड़े रहे। ग्रामीणों के बढ़ते दबाव और विरोध के बीच पुलिस ने हिरासत में ली गई सभी महिलाओं को रिहा कर दिया।

विकास के नाम पर स्थानीय हितों की अनदेखी का आरोप
कैप्टन सत्यम ठाकुर ने कहा कि वाढवन बंदरगाह परियोजना से क्षेत्र की खेती, पारंपरिक मछली व्यवसाय और पर्यावरण पर गंभीर असर पड़ सकता है। सरकार को पहले प्रभावित लोगों की चिंताओं का जवाब देना चाहिए। उन्होंने महिला प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस स्थानीय लोगों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। कैप्टन सरकार से पूछा है, कि किसके विकास के लिए दांव पर लगा रहे स्थानीय लोगों का भविष्य?






