सागर से संगम हेतु संतों का शंखनाद

मुंबई, ठाणे मे गुरु गोविंद सिंह जयंती विशेष कार्यक्रम

मुंबई: 6 जनवरी 2025 को गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती के पावन अवसर पर मुंबई और ठाणे के अजरामर जैन स्थानक में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न धर्मों के संत राष्ट्र संत श्री कमल मुनि कमलेश,महंत गोविंदाचार्य जी महाराज,महंत श्री 108 श्री ओम भारतीय जी महाराज ने गुरु गोविंद सिंह जी के शौर्य, त्याग और वीरता को स्मरण करते हुए समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।


कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु महाराज का बांसुरी वादन रहा। योगीराज ने अपनी मधुर बांसुरी के सुरों के माध्यम से “राष्ट्रगान” का वादन कर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बांसुरी के सुरों में ऐसा अद्भुत प्रभाव था कि पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिकता से ओत-प्रोत हो गया।
संतों और श्रद्धालुओं ने योगीराज के बांसुरी वादन को न केवल सराहा बल्कि इसे राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में उन्होंने अपने वादन के माध्यम से नशा उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण, गो रक्षा और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में संतों ने आतंकवाद, हिंसा, भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, नशा, अश्लीलता, मिलावट, भ्रष्टाचार और कट्टरता के खिलाफ वैचारिक क्रांति का शंखनाद किया। सभी को 12 जनवरी 2025 से 12 फरवरी 2025 तक प्रयागराज महाकुंभ में शामिल होकर समाज सुधार के इस संगम में डुबकी लगाने का आह्वान किया।
महाकुंभ के आयोजन में अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच, नई दिल्ली, श्रीमद् भागवत गीता शक्तिपीठ केंद्र कुरुक्षेत्र और श्री हरि नारायण सेवा संस्थान पालघर महाराष्ट्र का संयुक्त सहयोग रहेगा।
महाकुंभ मेले में प्लॉट नंबर BWD 02, सेक्टर 7, प्रयागराज पर एक विशाल पंडाल स्थापित किया जाएगा। यहां लाखों संत और 40 करोड़ श्रद्धालु नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, गो रक्षा, स्वास्थ्य संवर्धन, राष्ट्र प्रेम और धर्म सद्भाव के लिए प्रेरित होंगे। स्नानार्थियों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी की जाएगी।

Share on:

Leave a Comment