पालघर जिले के बोईसर नगर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केसीएन क्लब महाराष्ट्र की महिला कमेटी ‘मीरा सृजन’ द्वारा जयश्री अपार्टमेंट के कॉमन हॉल में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हेल्थ व वेल्थ विषय पर प्रशिक्षण, हल्दी-कुमकुम समारोह, महिला क्रीड़ा स्पर्धाएं, जनजागरूकता कार्यक्रम और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएआरसी की सेवानिवृत्त अध्यापिका अश्विनी नरहरि जोशी ने की, जबकि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. लीना रत्नाकर माने प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में केसीएन क्लब महिला शाखा ‘मीरा सृजन’ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य नीता श्रीधर राऊत, ग्राम पंचायत सदस्य जुली संजय बारी, संगीता नरेश पाटिल, बैंक ऑफ महाराष्ट्र की वित्तीय साक्षरता अधिकारी उज्ज्वला कोकणे, प्रदेश अध्यक्ष (महिला) वंदना अमरेंद्र शुक्ला तथा गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट रिया कल्पेश पिम्पले शामिल रहीं।
कार्यक्रम का संचालन टीवीएम स्कूल की सेवानिवृत्त प्रिंसिपल मनीषा विलास पिम्पले ने प्रभावशाली ढंग से किया। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

अपने संबोधन में अश्विनी जोशी ने कहा कि “जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है” और महिलाओं को आदर्श जीवन के मूल्यों पर चलने की प्रेरणा दी। वहीं डॉ. लीना माने ने महिलाओं को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के साथ संतुलित आहार के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। उज्ज्वला कोकणे ने वित्तीय साक्षरता, डिजिटल पेमेंट की सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर उपयोगी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान हल्दी-कुमकुम समारोह, महिला क्रीड़ा प्रतियोगिताएं, बच्चियों के सामूहिक नृत्य तथा होली के गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर चिकित्सा, समाजसेवा, खेल, योग, बैंकिंग, इंजीनियरिंग और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कुल 30 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन और प्रबंधन महिला शाखा की सचिव दीपिका पांडेय द्वारा किया गया, जिन्होंने केसीएन क्लब के इतिहास, उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी दी। अंत में महासचिव नंदिनी मिश्र ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम के पश्चात सभी ने नृत्य-संगीत और अल्पाहार का आनंद लिया।






