बोईसर में राजस्व समाधान शिविर की शुरुआत, एक ही दिन में 1283 मामलों का निपटारा

Headlines18

नागरिकों के राजस्व संबंधी कार्यों को गति देने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निपटारे के उद्देश्य से राजस्व विभाग द्वारा “छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व समाधान शिविर” अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत बोईसर के विद्यानगर, खैरेपाडा स्थित डॉ. स. दा. वर्तक विद्यालय में पहले चरण का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी भाऊसाहेब फटांगरे, उपजिलाधिकारी  तेजस चव्हाण और अपर तहसीलदार तुषार शिंदे सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में नागरिक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इस शिविर के माध्यम से कुल 1283 मामलों का निपटारा किया गया, जिससे नागरिकों को एक ही छत के नीचे विभिन्न शासकीय सेवाएं मिलने से बड़ी राहत मिली। उपस्थित नागरिकों और विद्यार्थियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया। यह जानकारी बोईसर के मंडल अधिकारी विजय गुंडकर ने दी है।

शिविर में 7/12 और 8अ जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों का वितरण किया गया तथा 7/12 अद्यतन, घरकुल पट्टे, ई-मोजणी, पाणंद रास्ते, अभिलेख सुधार, गैर-कृषि मार्गदर्शन, पीएम किसान योजना, लंबित दाखिल-खारिज प्रकरणों के निपटारे सहित कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही आयुष्मान भारत कार्ड पंजीकरण, सामाजिक योजनाओं का लाभ, प्राकृतिक आपदा अनुदान हेतु ई-केवाईसी, मतदाता पंजीकरण व विलोपन जैसी सुविधाएं भी प्रदान की गईं।

विशेष रूप से बढ़वण ग्रीनफील्ड महामार्ग परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहित जमीनों के 7/12 व अधिकार अभिलेख अद्यतन करने के लिए अलग कक्ष स्थापित किया गया। इससे प्रभावित भूधारकों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने में सुविधा मिली और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को सरल बनाने में मदद मिली।

इसके अलावा पंचायत समिति, समाज कल्याण, पशुसंवर्धन, जिला उद्योग केंद्र तथा आदिवासी विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों को दी गई।

Share on:

Leave a Comment