बोईसर शहर और आसपास के इलाकों में इन दिनों विकास कार्य जैसे “छुट्टी पर” हैं। सड़कें इंतज़ार में… योजनाएं फाइलों में… उधर प्रदूषण का ग्राफ ऊपर, और भ्रष्टाचार की जमकर फुसफुसाहट..इस सब को देखकर बोईसर क्षेत्र में अचानक हलचल तेज हो गई है। गलियों से लेकर चौक-चौराहों तक एक ही चर्चा—
“क्या अब विकास की जगह पोस्टर और रीलबाजी ही होंगी?”
चाय की टपरी से लेकर व्हाट्सएप ग्रुप तक, हर जगह एक ही सवाल गूंज रहा है। सूत्रों का दावा है कि क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और समस्याओं के समाधान में हो रही देरी से कुछ स्थानीय नेता गहरे “आत्ममंथन” में चले गए हैं।
बताया जा रहा है कि देर रात सभी नेताओं की एक “अत्यंत गोपनीय बैठक” हुई। कमरे का दरवाज़ा बंद… मोबाइल बाहर… और माहौल इतना गंभीर कि चाय भी बिना चीनी की पी गए ! बैठक में कथित तौर पर एक नेता जी भावुक होकर बोले— “जब जनता खुश नहीं… तो हम राजनीति क्यों करें?”
बस फिर क्या था…
माहौल और गंभीर हो गया।
किसी ने कहा — “त्याग ही सच्चा मार्ग है।” किसी ने कहा की — “अब व्हाट्सप्प पर सेवा करेंगे… किसी नें कहा हम आध्यात्मिक रूप से।”
सूत्रों की मानें तो “सामूहिक सन्यास विकल्प” पर गंभीर चर्चा हुई। एक-दो नेताओं ने योगा मैट के दाम तक पूछ लिए। किसी ने ध्यान शिविर की तारीखें देखीं। और तो और, एक नेता जी के मोबाइल में “सन्यास कैसे लें” सर्च हिस्ट्री तक बताई जा रही है!
इलाके में अटकलों की आंधी—
👉 क्या बोईसर में जल्द “राजनीतिक त्याग सम्मेलन” होगा?
👉 क्या गड्ढों पर नारियल फोड़कर समाधान निकाला जाएगा?
👉 क्या समस्याओं के लिए नेता अब जनता बनकर करेंगे आंदोलन ?
नागरिक भी कन्फ्यूज़—
“अब गड्ढों पर फूल चढ़ाएं या आवेदन पत्र जमा करें?”
“शिकायत लिखें या प्रसाद चढ़ाएं?”
सोशल मीडिया पर तो बाढ़ आ गई—
#BoisarSanyas ट्रेंड करने लगा।
मीम्स में लिखा गया—
“विकास नहीं आया… तो विरक्ति आ गई!”
“रील से रिट्रीट तक का सफर!”
लेकिन…जैसे-जैसे खबर आग की तरह फैली, कुछ चेहरों के रंग उड़ने लगे। फोन की घंटियां तेज हो गईं। कुछ समर्थकों ने पूछना शुरू किया — “सच में जा रहे हो क्या?”
और तभी…पीछे से रंग भरी पिचकारी लेकर एक शरारती आवाज गूंजी—
“अरे भाई… बुरा न मानो होली है!”
जी हां! ये पूरी खबर होली की रंगीन मस्ती में उड़ाई गई एक मजाकिया अफवाह निकली। न कोई सन्यास, न कोई त्याग सम्मेलन। ये खबर पढ़कर नेता भी मुस्कुरा रहे हैं… जनता भी ठहाके लगा रही है..
क्योंकि होली है —
थोड़ा व्यंग्य चलेगा, थोड़ा सस्पेंस चलेगा,और रंगों के साथ सियासत पर हल्की-फुल्की पिचकारी भी चलेगी.खबर भले वास्तविकता से ओतप्रोत है पर ये सिर्फ होली के मौक़े पर मज़ाकिया अंदाज मे लिखी गई है. इसलिए पढ़कर सिर्फ मुस्कराये… अंत मे फिर एकबार बुरा न मानो होली है.






