पालघर में सोने की चेन ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को शिकायतकर्ता रुपेश खुंडे (रिक्शा चालक) को एक अज्ञात व्यक्ति ने बोईसर जाने के लिए कहा। रास्ते में आरोपी ने विश्वास जीतते हुए उन्हें पैसे दिए और फिर एक दुकान से बीयर लेने के बहाने साथ बैठकर बातचीत की।
इसी दौरान आरोपी ने चालाकी से शिकायतकर्ता की करीब 60 हजार रुपये कीमत की 4 ग्राम सोने की चेन देखने के बहाने हाथ में ली और मौका पाकर फरार हो गया। मामले की शिकायत बोईसर पुलिस थाने में दर्ज की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी मोहम्मद उमर शाह (उम्र 42 वर्ष) को अंबरनाथ क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे 20 अप्रैल 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को पालघर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक अंजाम दिया।






