पालघर में 27 अप्रैल को गौ संरक्षण जनअभियान, सख्त केंद्रीय कानून की उठेगी मांग

पालघर जिले में 27 अप्रैल को गौ संरक्षण को लेकर एक व्यापक जनअभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में तलासरी, दहानू, मोखाडा, जव्हार, वाडा, पालघर, बोईसर और विक्रमगढ़ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गौ भक्त शामिल होंगे। सभी प्रतिभागी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर देशभर में गौ हत्या पर रोक लगाने के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग करेंगे।
अभियान का मुख्य संदेश ‘सेवा, सुरक्षा और सम्मान’ रखा गया है। बोईसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अखिल भारतीय संत समिति, महाराष्ट्र के महामंत्री स्वामी भारतानंद सरस्वती ने कहा कि वर्तमान में गौ संरक्षण को लेकर कोई प्रभावी केंद्रीय कानून नहीं है, जिससे कई जगहों पर गौ हत्या की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों के कानून पर्याप्त नहीं हैं और एक समान, कड़ा केंद्रीय कानून समय की आवश्यकता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ क्षेत्रों में गौ तस्करों और स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत से हालात और गंभीर हो रहे हैं। “गाय बचेगी तो राष्ट्र बचेगा” का संदेश देते हुए उन्होंने गौ रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया। इस अभियान के जरिए केंद्र सरकार से गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, “केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय” के गठन, “गोचर बोर्ड” की स्थापना और “चारा सुरक्षा नीति” लागू करने जैसी प्रमुख मांगें रखी जाएंगी। स्वामी भारतानंद सरस्वती ने स्पष्ट किया कि संत समाज का उद्देश्य केवल कानून बनवाना नहीं, बल्कि गाय को सेवा, सुरक्षा और सम्मान दिलाना है।

Share on:

Leave a Comment