बोईसर : हरिदया फाउंडेशन (रजि.), बोईसर द्वारा मेट्रो फीनिक्स हॉस्पिटल, बोईसर के सहयोग से 22 मार्च को एक भव्य मेगा हेल्थ चेक-अप कैंप का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर बोईसर (पूर्व) स्थित डॉ. राजेश यादव के डे-केयर क्लीनिक में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र के आराध्य दैवत छत्रपति शिवाजी महाराज जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई, जिससे वातावरण में श्रद्धा और उत्साह का संचार हुआ।

इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 108 मरीजों ने लाभ उठाया। सभी मरीजों को मुफ्त ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और ईसीजी जांच की सुविधा प्रदान की गई। प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. व्यंकटेश सोलंके ने मरीजों की गहन जांच कर उन्हें उच्च रक्तचाप, डायबिटीज और हृदय रोग जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक किया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में हरिदया फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राजेश हरिनाथ यादव ने मेट्रो फीनिक्स हॉस्पिटल के प्रबंधन, चिकित्सक टीम और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। शिविर का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस सफल आयोजन में विजय पाटिल, रवींद्र यादव, महेंद्र, वेदप्रकाश सर, योगेश, मुकेश, आंचल, हरीश और रवि सर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अथक मेहनत की। हरिदया फाउंडेशन ने भविष्य में भी इसी तरह के जनसेवा कार्यों के माध्यम से समाज के स्वास्थ्य सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया।






