धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और सेवा भावना का अनूठा संगम बना बजरंग डांडिया रास इन दिनों पालघर जिले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, पालघर की ओर से आयोजित इस नौ दिवसीय कार्यक्रम में पालघर, दहानू, बोईसर, तलासरी सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भगवान श्रीराम की कथा, मां अंबे की आराधना, पारंपरिक डांडिया रास और गौसेवा के संकल्प ने आयोजन को विशेष पहचान दिलाई है।
रामकथा से मिल रही संस्कारों की प्रेरणा
कार्यक्रम में वाराणसी से पधारे परम पूज्य कथावाचक श्री आनंद पराशर जी भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों, आदर्शों और रामायण की प्रेरणादायी घटनाओं का वर्णन कर रहे हैं। राम कथा की आयोजक कोमल नंदकुमार दुबे ने बताया कि रामकथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, मर्यादा, कर्तव्य और संस्कारों का संदेश मिल रहा है। दिन में कथा श्रवण के लिए श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहती है, वहीं रात में पारंपरिक डांडिया रास की धूम देखने को मिलती है। भक्ति और उत्साह से सराबोर वातावरण में लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
धार्मिक आयोजन के साथ गौसेवा का संदेश
बजरंग डांडिया रास की विशेषता यह है कि यहां धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सेवा कार्यों को भी महत्व दिया जा रहा है। गौसेवा के लिए आर्थिक सहयोग देकर आयोजक जीवों के प्रति करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दे रहे हैं। इस पहल से धार्मिक आस्था को सेवा भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
धर्म, सेवा और संस्कार ही हमारा संकल्प : मुकेश दुबे
बजरंग डांडिया रास के अध्यक्ष मुकेश दुबे ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक उत्सव मनाना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देना भी है। भगवान श्रीराम के आदर्श हमें कर्तव्य और सेवा की प्रेरणा देते हैं। इसी भावना के साथ गौसेवा के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझे तथा सामाजिक सेवा के कार्यों में आगे आए, यही आयोजन की सार्थकता है।
जो सभी कार्यकर्ताओं की लगन और मेहनत से सफल होता है।
दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालु
पालघर, दहानू, बोईसर और तलासरी सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की भागीदारी कार्यक्रम के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है। रामकथा की आध्यात्मिकता, डांडिया रास की उमंग और गौसेवा का संदेश बजरंग डांडिया रास को धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों का मंच बना रहा है।






