Palghar | जिम ट्रेनर आरिफ शेख गिरफ्तार, मां और भाई के साथ मिलकर 70-80 युवतियों को प्रेमजाल मे फंसाने का आरोप, 100 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मिलने की खबर से हड़कंप..

23 वर्षीय युवती की शिकायत पर 22 वर्षीय जिम ट्रेनर आरिफ शेख गिरफ्तार; शादी का झांसा देकर बार-बार दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव और मारपीट के आरोप। मां रुक्साना व चचेरे भाई साहिल शेख का नाम भी शिकायत में शामिल। मोबाइल में 100 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मिलने की खबर, 70–80 युवतियों को निशाना बनाने और वीडियो अश्लील वेबसाइटों पर बेचने के दावों की पुलिस कर रही जांच।

पालघर जिले के नालासोपारा में 23 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने 22 वर्षीय जिम ट्रेनर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आरिफ शेख को गिरफ्तार किया है। मिडिया रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी पर शादी का झांसा देकर युवती के साथ बार-बार दुष्कर्म करने और कई अन्य महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाने का गंभीर आरोप है। शिकायतकर्ता का दावा है कि आरोपी ने करीब 70 से 80 युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनके निजी वीडियो रिकॉर्ड किए और उन्हें अश्लील वेबसाइटों पर बेच दिया। हालांकि, इन आरोपों और वीडियो से जुड़े दावों की पुलिस जांच कर रही है।

सोशल मीडिया के जरिए हुई थी पहचान

शिकायत के मुताबिक, पिछले साल सोशल मीडिया के माध्यम से युवती की पहचान आरिफ शेख से हुई थी। आरोप है कि आरिफ ने शादी का वादा कर युवती पर अपने साथ रहने का दबाव बनाया और इस दौरान उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरिफ और उसकी मां रुक्साना ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव डाला और उसके साथ मारपीट की।

शिकायत में आरिफ के चचेरे भाई साहिल शेख का नाम भी शामिल है। युवती ने आरोप लगाया है कि साहिल ने उसके साथ यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया।

मोबाइल में मिले कथित आपत्तिजनक वीडियो

युवती के अनुसार, बाद में उसे आरिफ के मोबाइल फोन में कई महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति के वीडियो मिले। इसके बाद उसने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के स्थानीय पदाधिकारियों से संपर्क किया और सोमवार रात नालासोपारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरिफ को गिरफ्तार कर लिया।

70 से 80 युवतियों को निशाना बनाने का दावा

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरिफ इंस्टाग्राम के जरिए एक विशेष समुदाय की महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोप है कि वह उनके साथ संबंध बनाकर उनकी जानकारी या सहमति के बिना निजी वीडियो रिकॉर्ड करता था। युवती ने दावा किया है कि ऐसे वीडियो 70 से 80 महिलाओं के हो सकते हैं और उन्हें अश्लील वेबसाइटों पर बेचा गया। पुलिस कथित तौर पर मोबाइल से बरामद वीडियो की जांच कर रही है। साथ ही, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या अन्य महिलाएं भी इस मामले में पीड़ित हुई हैं।

मां और चचेरे भाई की भूमिका की भी जांच

पुलिस ने आरिफ, उसकी मां रुक्साना और चचेरे भाई साहिल शेख के खिलाफ दुष्कर्म, अवैध रूप से बंधक बनाने, मारपीट और अन्य संबंधित अपराधों के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।

Share on:

Leave a Comment