हाईवे पर हुए हादसे में उजड़े परिवारों की बच्चियों का भविष्य संवारेंगे कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकुर

Headlines18

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर हादसे में उजड़ा परिवार, दो मासूम बच्चियों की पढ़ाई का जिम्मा उठाएंगे कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकुर


पालघर जिले की दहानू तहसील में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर धानीवारी गांव के पास लोगों से भरे आयशर टैंपो और कंटेनर के बीच हुई भीषण भिड़ंत ने कई परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में आदिवासी समाज के लोग थे। पालघर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकुर पीड़ित परिवारों से मिलने बापूगांव-लाखत पाड़ा पहुंचे। जहां गांव के लोगों ने हादसे की आपबीती सुनाई।
जिसने सभी को भावुक कर दिया। इसी गांव की तीसरी और चौथी कक्षा में पढ़ने वाली दो मासूम बच्चियों ने इस हादसे में अपने पिता को खो दिया। परिवार में अब केवल उनकी मां ही सहारा बची है।


बच्चियों के परिवार की हालत देखकर कैप्टन सत्यम ठाकुर ने तत्काल महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से चर्चा की और दोनों बच्चियों की बारहवीं तक की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी लेने की घोषणा की। इसके अलावा परिवार को अंतिम विधि संबंधी कार्यक्रमों के लिए आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
पीड़ितों से मुलाकात के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने दुर्घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में सर्विस रोड नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरी में गलत दिशा से हाईवे पार करना पड़ता है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने एनएचआई और प्रशासन  की लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई। धानीवारी गांव के सरपंच शैलेश कोर्डा ने बताया कि पिछले दो वर्षों से आसपास के गांवों के लिए सर्विस रोड और सुरक्षित इंटरसेक्शन की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कैप्टन ने ग्रामीणों के संघर्ष में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया है।
कांग्रेस की डहाणू तहसील अध्यक्षा वर्षा वायडा, एसटी सेल अध्यक्ष राहुल पाचालकर, सामाजिक कार्यकर्ता भरत वायडा तथा अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share on:

Leave a Comment