बोईसर-पालघर मार्ग पर स्थित खेरा मैदान में इस वर्ष युवा फाउंडेशन की ओर से रासरंग गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव केवल गरबा और उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि बोईसर, बेटेगांव, मान, खेरेपाडा, पास्थल, सरावली, सालवड सहित आसपास के क्षेत्रों के गरबा प्रेमियों की भावनाओं, आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करने की एक अनूठी पहल है।
इस महोत्सव की सबसे खास बात यह है कि यहां प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। गरबा खेलने के लिए किसी पास या प्रवेश शुल्क की आवश्यकता नहीं होगी। आयोजकों का उद्देश्य है कि हर वर्ग का व्यक्ति इस उत्सव में शामिल हो सके और मां दुर्गा की भक्ति में गरबा की उमंग के साथ नौ दिनों तक उत्सव का आनंद ले सके।
रासरंग गरबा महोत्सव को यादगार बनाने के लिए शानदार लाइटिंग, दमदार साउंड सिस्टम और बेहतरीन गायकों की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही, बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि सभी गरबा प्रेमी सुरक्षित और आनंदपूर्ण माहौल में उत्सव का हिस्सा बन सकें।
युवा फाउंडेशन ने गरबा प्रेमियों से अपील की है कि वे केवल अपने परिवार के साथ ही नहीं, बल्कि अपने मित्रों, रिश्तेदारों और परिचितों को भी इस महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित करें। आयोजकों के अनुसार, इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाला यह गरबा महोत्सव पालघर जिले के लिए एक विशेष आकर्षण बनने जा रहा है।






