पालघर : विश्व स्तर पर बन रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच घरेलू एलपीजी गैस की कमी को लेकर कुछ जगहों पर अफवाहें फैलने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि पालघर जिले में घरेलू एलपीजी गैस की सप्लाई पूरी तरह से सामान्य रूप से जारी है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। यह जानकारी जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने एक प्रेस नोट के माध्यम से दी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और घबराहट में आकर गैस सिलेंडर का अनावश्यक स्टॉक करने की कोशिश न करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी गैस केवल घरेलू उपयोग के लिए है। इसका व्यावसायिक या किसी अन्य अवैध उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों तथा तेल विपणन कंपनियों के नियमों के अनुसार कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए दो सिलेंडर की बुकिंग के बीच कम से कम 25 दिनों का अंतर रखना अनिवार्य है। यानी एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद 25 दिन पूरे होने पर ही अगला सिलेंडर बुक किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी गैस वितरकों को निर्देश दिया है कि ग्राहक द्वारा बुकिंग किए जाने के बाद नियमों के अनुसार जल्द से जल्द सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। यदि बुकिंग से संबंधित कोई तकनीकी समस्या आती है तो नागरिक अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा शिकायत निवारण के लिए जिला प्रशासन ने दो संपर्क नंबर जारी किए हैं – 02525-297474 और 8983456947 (व्हाट्सऐप)। इन नंबरों पर कॉल या संदेश के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
प्रशासन ने यह भी बताया कि आश्रमशालाओं, अस्पतालों और मध्यान्ह भोजन जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति नियमित रूप से जारी रहेगी। यदि इन सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा आती है तो संबंधित वितरकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए लोग संयम बनाए रखें, गैस का नियमित उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग करें।






