महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोशल मीडिया के जरिए ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर फर्जी हिंदू नाम और पहचान बनाकर एक व्यक्ति ने 29 वर्षीय महिला को प्रेमजाल में फंसाया, शादी का झांसा दिया और उससे लाखों रुपये ऐंठ लिए। मामले में पालघर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, बीड जिले के एक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर “अजय म्हस्के” नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर पालघर की 29 वर्षीय अविवाहित महिला से संपर्क किया। बातचीत के दौरान उसने प्रेम संबंध स्थापित किए और मंदिर में सिंदूर व कुंकू लगाकर विवाह का नाटक रचा। इसके बाद छह महीनों तक संबंध बनाए रखते हुए उसने अलग-अलग बहानों से पीड़िता से करीब ढाई लाख रुपये वसूल लिए।
मामले ने उस समय गंभीर मोड़ लिया जब आरोपी की पत्नी ने पीड़िता को फोन कर उसके अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इन्हें रोकने के बदले दो लाख रुपये की मांग की गई, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई।
पीड़िता ने बजरंग दल के स्थानीय पदाधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद मामला पालघर पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पहले मुंबई और फिर पुणे बुलाता रहा, लेकिन अंततः पुलिस ने उसे दबोच लिया।
बजरंग दल नेता मुकेश दूबे ने दावा किया कि आरोपी ने इसी तरह तीन अन्य महिलाओं को भी ठगा है, जबकि दो और महिलाओं को सोशल मीडिया के जरिए फंसाने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इस प्रकरण में आरोपी की पत्नी और खंडणी वसूलने आए उसके साथी को भी सह-आरोपी बनाने की मांग की गई है। पुलिस ने धोखाधड़ी, ब्लैकमेल, पहचान छिपाने और खंडणी मांगने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
बजरंग दल के पालघर प्रमुख मुकेश दुबे ने कहा कि समाज में फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं को ठगने वाले सक्रिय हैं, इसलिए युवतियों और महिलाओं को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि पालघर पुलिस ने तीन दिनों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों को भी जल्द पकड़ा जाएगा।





