विक्रमगढ़ के भोपोली में फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश; 21.83 लाख रुपये का सामान जब्त
विक्रमगढ़ (पालघर): पालघर जिले के विक्रमगढ़ तहसील के भोपोली गांव में एक बंगले के भीतर चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यहां बैठकर गिरोह के सदस्य अमेरिकी नागरिकों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बना रहे थे। पुलिस ने छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 21.83 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अमेरिकी नागरिकों को मोबाइल और लैपटॉप में वायरस होने का फर्जी अलर्ट भेजते थे। इसके बाद बैंक में जमा रकम सुरक्षित रखने का झांसा देकर उन्हें गिफ्ट कार्ड खरीदने के लिए कहते थे। कार्ड के नंबर हासिल करने के बाद आरोपी उनकी रकम रिडीम कर ठगी को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में विनोद राय (36), शाहिद खान (30), आश्विन झावरे (25), शाहिद खान (26), अवलेश शेख (22), सईद ख्वाजा (55) और सागर सावे (40) शामिल हैं। सभी आरोपी विरार, नालासोपारा, डहाणू और मीरा रोड के निवासी हैं।
पुलिस ने छापेमारी में सात लैपटॉप, 14 मोबाइल, चार हेडफोन, राउटर, एक फॉर्च्यूनर कार और रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस गिरोह के नेटवर्क और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।






