पालघर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने मानवीय और सराहनीय पहल की है। बोईसर में ट्रैफिक पुलिस ने मकर संक्रांति के अवसर पर एक अनोखा अभियान चलाकर नागरिकों को सुरक्षित रहने का संदेश दिया।
ट्रैफिक पुलिस के उपनिरीक्षक संदीप नागरे ने बताया कि 1 जनवरी से पालघर पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के मार्गदर्शन में पुलिस और यातायात विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत मकर संक्रांति पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस ने राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को तिल–गुड़ खिलाकर मुंह मीठा करवाया और दोस्ताना माहौल में उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
त्योहारी मौसम में पतंगबाजी के चलते मांझे से होने वाले हादसों को देखते हुए पुलिस ने दोपहिया चालकों और आम लोगों को गर्दन पर बांधने वाली सेफ्टी पट्टी भी दी, जिससे मांझा लगने पर गंभीर चोट से बचाव हो सके। इसके साथ ही हेलमेट और सेफ्टी किट भी वितरित की गईं और लोगों को समझाया गया कि ट्रैफिक नियमों का पालन और सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल जीवन बचाने के लिए बेहद जरूरी है।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि पुलिस का यह संवेदनशील एवं सकारात्मक तरीका लोगों पर अच्छा प्रभाव डालता है और उन्हें सुरक्षा के प्रति सचेत करता है। ट्रैफिक पुलिस के प्रभारी अधिकारी सुरक्षा सालुंखे ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
संक्रांति को क्या मकर जोड़ना ठीक होगा






