बोईसर-संजान कावड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, हिंदू जनजागृति संस्था ने लगाया सेवा पांडाल


बोईसर : विश्व हिंदू परिषद और बजरंगदल द्वारा आयोजित बोईसर-संजान कावड़ यात्रा में हजारों शिवभक्तों ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया। ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय नजर आया। यात्रा के दौरान कावड़ियों की सेवा और सुविधा के लिए जगह-जगह सेवाकार्य किए गए।
हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हिंदू जनजागृति संस्था की ओर से इस बार भी कावड़ यात्रियों की सेवा के लिए विशेष सेवा पांडाल लगाया गया। पांडाल में कावड़ियों के लिए फ्रूट, बिस्किट, ठंडा जल और खिचड़ी की व्यवस्था की गई थी। कावड़
यात्रा में शामिल होने वाले शिवभक्तों ने पांडाल में रुककर जलपान किया और सेवाकार्य का लाभ उठाया।


सेवा पांडाल में संस्था के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। यात्रा के दौरान कावड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कार्यकर्ताओं ने लगातार सेवा कार्य में योगदान दिया। संस्था की ओर से किए गए इस सेवाकार्य की उपस्थित लोगों और कावड़ यात्रियों ने सराहना की।
इस सेवाकार्य में संस्था के रवि सिंह, अमित बाबू, तुलसी छीपा, हिम्मत जैन, जगदीश माली, विकास गुप्ता, मोहित मेहता, पंकज गुप्ता, सुनीता यादव, बीरबल कुशवाहा सहित प्रियंका सिंह, रेणु सिंह, टीना गुप्ता, आराधना सिंह, अनामिका छीपा, नंदिनी सिंह, रुद्र सिंह और तन्मय गुप्ता समेत अन्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही।
कावड़ यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और सेवा पांडाल में कार्यकर्ताओं की सक्रियता ने धार्मिक आयोजन के साथ सेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया। संस्था के कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाजसेवा और आस्था से जुड़ा कार्य है।

Share on:

Leave a Comment