विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल की ओर से आयोजित बुढ़ा अमरनाथ शौर्य यात्रा में शामिल होने के लिए पालघर से सैकड़ों श्रद्धालु आज रवाना हुए। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। भगवा ध्वज और जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन तथा देश-धर्म की मंगलकामना के साथ यात्रा की शुरुआत की।
यात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अखिल भारतीय संत समिति, महाराष्ट्र प्रदेश के महामंत्री स्वामी श्री भारतानंद सरस्वतीजी महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि तीर्थ यात्राएं हमारी सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करती हैं।
विहिप के सह मंत्री चंदन सिंह ने कहा, “बुढ़ा अमरनाथ शौर्य यात्रा आस्था के साथ साहस और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने वाली यात्रा है।
विहिप नेता मुकेश दुबे ने कहा कि बुढ़ा अमरनाथ शौर्य यात्रा केवल भगवान शिव के दर्शन की यात्रा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का संकल्प लेकर चलने वाली यात्रा है। पालघर से सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता हमारी आस्था और संगठन की शक्ति को दर्शाती है। युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना इस यात्रा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
इस अवसर पर जयेश घरत, काचू शेट्टी, श्रीपद पाटिल, भरत पवार,संतु मल्लाह, विजय शेट्टी, धर्मेंद्र विश्वकर्मा, राकेश कोटियाँन, वंदना सिंह और लीना राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व श्रद्धालु उपस्थित रहे। हर-हर महादेव और भारत माता की जय के जयघोष के साथ यात्रा का माहौल भक्तिमय हो गया।






