पालघर जिले के बोईसर में 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 250 से अधिक परिवारों की ‘घर वापसी’ कराए जाने का दावा आयोजकों ने किया है।
विहिप के कोंकण विभाग के मंत्री चंदन सिंह ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जिसमें विभिन्न कारणों से धर्म परिवर्तन कर चुके परिवारों को पुनः हिंदू धर्म से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक एकता और धार्मिक जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण भव्य शोभायात्रा रहेगी, जिसमें प्रभु श्रीराम, श्री हनुमान और विभिन्न महापुरुषों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इन झांकियों के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजन को लेकर क्षेत्र में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने पालघर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करेगा, बल्कि समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना को भी बढ़ावा देगा।






