लक्जरी कार और पिकअप में खाद्य सामग्री की आड़ में पालघर मे हो रही थी शराब तस्करी, 33.84 लाख का सामान जब्त

Headlines18

पालघर आबकारी विभाग की जव्हार में बड़ी कार्रवाई, 184 बॉक्स विदेशी शराब बरामद

दादरा एवं नगर हवेली से महाराष्ट्र में अवैध रूप से लाई जा रही विदेशी शराब की खेप का राज्य आबकारी विभाग ने गुरुवार को भंडाफोड़ किया। तस्कर पुलिस और जांच एजेंसियों की नजर से बचने के लिए एक लक्जरी कार और पिकअप वाहन में खाद्य सामग्री की आड़ लेकर शराब की तस्करी कर रहे थे। आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली, जिसमें 184 बॉक्स विदेशी शराब बरामद हुई। 

दहानू के निरीक्षक सुनील देशमुख ने बताया कि अलग – अलग कार्रवाई के दौरान 33.84 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया तथा तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

राज्य आबकारी विभाग, दहानू और पालघर की 

फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम को सूचना मिली थी कि दादरा एवं नगर हवेली से बड़ी मात्रा में शराब पालघर में खपाने के लिए लाई जा रही है। सूचना के आधार पर निरीक्षक सुनील देशमुख और फ्लाइंग स्क्वॉड के

निरीक्षक अरुण चव्हाण के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने जव्हार-खानवेल रोड स्थित विशाल ढाबे के सामने तथा जव्हार-खंबाले रोड पर रातुना फाटा के पास नाकाबंदी की।

जांच के दौरान पिकअप और एंडेवर को रोककर तलाशी ली गई। पिकअप में खाद्य सामग्री की आड़ में तथा लक्जरी कार के जरिए विदेशी शराब का परिवहन किया जा रहा था। तलाशी में 184 बॉक्स विदेशी शराब बरामद हुई।

आबकारी विभाग ने शराब के साथ दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया। जब्त शराब की कीमत 14.84 लाख रुपये, बोलेरो पिकअप की कीमत 9 लाख रुपये और फोर्ड एंडेवर की कीमत 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त कुल सामान का मूल्य 33.84 लाख रुपये है।

आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच आबकारी निरीक्षक सुनील देशमुख और अरुण चव्हाण कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य आबकारी आयुक्त डॉ. राजेश देशमुख के मार्गदर्शन में कोकण विभाग और पालघर आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अंजाम दी।

Share on:

Leave a Comment