बोईसर: सरकारी अधिकारी बनकर लाखों की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, फर्जी लाइसेंस के नाम पर करता था ठगी

पालघर जिले के बोईसर स्थित तारापुर MIDC में खुद को सरकारी अधिकारी बताकर कंपनियों के लिए हज़ार्डस (Hazardous) लाइसेंस बनवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को बोईसर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान भावेश नामदेव पाटील के रूप में हुई है। आरोप है कि वह सरकारी अधिकारी बनकर फर्जी फोन कॉल करता था और कंपनियों को हज़ार्डस लाइसेंस बनवाने का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाता था। इस तरह उसने विभिन्न पीड़ितों से 15 लाख रुपये से अधिक की ठगी की।
मामले में पीड़ित सोनू कुमार ने बोईसर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया और अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
फिलहाल मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सतीश असवार कर रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस ठगी में आरोपी के साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं तथा कितने लोग इसका शिकार बने हैं।

Share on:

Leave a Comment