पालघर : कंपनी की दीवार भरभराकर गिरी, मलबे में दबकर 3 मजदूरों की मौत

पालघर जिले में वाडा-विक्रमगढ़ मार्ग स्थित टीना रबर कंपनी में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। काम के दौरान अचानक कंपनी की एक दीवार गिरने से तीन श्रमिक मलबे में दब गए। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान केशव वालकु गुनगुणा (55), मीरा जानू गवली (60) और रंजना दिलीप कोंब (35) के रूप में हुई है। तीनों पालघर जिले के विक्रमगढ़ और वाडा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही वाडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, काम के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे तीनों श्रमिक उसके मलबे में दब गए। उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने कंपनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कंपनी को लेकर पहले से प्रदूषण संबंधी शिकायतें सामने आती रही हैं। पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Share on:

Leave a Comment