बोईसर पूर्व की बिजली समस्याओं पर मनसे का घेराव, 2 मई को आंदोलन की चेतावनी

पालघर जिले के बोईसर मे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के एक प्रतिनिधिमंडल ने महावितरण, बोईसर कार्यालय में उपकार्यकारी अभियंता वैष्णव से मुलाकात कर बोईसर पूर्व क्षेत्र में बढ़ती बिजली समस्याओं पर तत्काल ध्यान देने और आवश्यक कार्रवाई करने की लिखित मांग सौंपी।
मनसे ने बताया कि बोईसर पूर्व में लाइनमैन की भारी कमी के कारण बिजली रखरखाव और मरम्मत कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में लाइनमैन की नियुक्ति कर इसके आदेश जल्द जारी किए जाएं। इसके अलावा मान स्थित अमर जवान पेट्रोल पंप के सामने गली में तूफान के कारण क्षतिग्रस्त हुई 3-फेज लाइन अब तक सिंगल फेज पर चल रही है। इस लाइन पर इंजीनियरिंग वर्कशॉप और आटा चक्की जैसे भारी लोड होने के कारण बार-बार फ्यूज उड़ने और बिजली बाधित होने की समस्या सामने आ रही है। मनसे ने इस लाइन को तुरंत 3-फेज में बहाल करने की मांग की है।
बोईसर पूर्व के मौजे वारंगडे, चुरी पाडा क्षेत्र में एमएसईबी की लाइन जंगल से गुजर रही है, जहां कोई कनेक्शन नहीं होने के बावजूद बार-बार खराबी आती है। मनसे ने इस लाइन को मुख्य सड़क से ले जाने की मांग की, जिससे रखरखाव आसान हो और स्ट्रीट लाइट कनेक्शन भी संभव हो सके। साथ ही मान, साईनगर और दांडी पाडा क्षेत्र में कई बिजली के खंभे जर्जर हालत में हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। इन्हें तुरंत दुरुस्त या बदलने की मांग भी की गई है।
मनसे ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 2 मई को पालघर में मुख्य कार्यकारी अभियंता कार्यालय के सामने आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मनसे पालघर उपतालुका अध्यक्ष सत्यम मिथिलेश मिश्रा, उपतालुका संघटक शैलेश भुतकडे, बेटेगांव उपविभाग अध्यक्ष पवन गुप्ता, शाखा अध्यक्ष भूषण पाटील, महाराष्ट्र सैनिक वेद चव्हाण सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share on:

Leave a Comment