धनानीनगर से ग्रामपंचायत कार्यालय तक निकलेगा पैदल मार्च; 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से आंदोलन, विकासकामों पर लिखित जवाब और निश्चित समयसीमा की मांग
पालघर जिले के बोईसर पूर्व परिसर में लंबित विकास कार्यों और बुनियादी नागरिक सुविधाओं की समस्याओं को लेकर नागरिकों ने अब आर-पार की लड़ाई का निर्णय लिया है। ग्रामपंचायत बोईसर प्रशासन की ओर से 9 जुलाई 2026 को दिए गए लिखित आश्वासन के बावजूद तीन महीने बीत जाने पर भी अपेक्षित कार्यवाही नहीं होने का आरोप लगाते हुए ‘मेरा गांव मेरी जिम्मेदारी’ पहल के तहत शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 से पैदल मार्च के बाद ग्रामपंचायत कार्यालय के सामने बेमुदत आंदोलन शुरू किया जाएगा।

आंदोलन की शुरुआत सुबह 9 बजे धनानीनगर से होगी। यहां से यादवनगर, शास्त्रीनगर, आर.के. कॉम्प्लेक्स परिसर, श्रीरामनगर और वंजरवाडा होते हुए नागरिक सुबह करीब 10 बजे ग्रामपंचायत बोईसर कार्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद लंबित विकास कार्यों पर ठोस कार्यवाही होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
सड़कों से लेकर पानी और सफाई तक, कई समस्याएं बरकरार
आंदोलन से जुड़े नागरिकों के अनुसार, 9 जुलाई को ग्रामपंचायत प्रशासन ने बोईसर पूर्व की विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कार्यों को दो से तीन महीने में पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया था। प्रशासन के आश्वासन पर भरोसा करते हुए नागरिकों ने पर्याप्त समय दिया, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कई समस्याएं हल नहीं हुई हैं।
क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत और कंक्रीटीकरण, नियमित एवं स्वच्छ जलापूर्ति, पानी की टंकियों का निर्माण, गटर और ड्रेनेज व्यवस्था, पुलों पर सुरक्षा रेलिंग, स्ट्रीट लाइट, नियमित सफाई तथा ठोस कचरा प्रबंधन जैसे मुद्दे अब भी लंबित होने की बात नागरिकों ने कही है.नागरिकों का कहना है कि बार-बार ज्ञापन देने और प्रशासन से संपर्क करने के बावजूद अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आए। ऐसे में अब केवल मौखिक आश्वासनों के बजाय जमीनी स्तर पर काम शुरू होने और पूरा होने की निश्चित समयसीमा की मांग की जा रही है।
आठ प्रमुख मांगों पर लिखित जवाब की मांग
आंदोलन के माध्यम से ग्रामपंचायत प्रशासन से सभी लंबित विकास कार्यों को तत्काल पूरा करने, प्रत्येक कार्य की वर्तमान स्थिति और प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा काम शुरू होने और पूरा होने की निर्धारित तारीख लिखित रूप में देने की मांग की जाएगी।
इसके अलावा, प्रत्येक कार्य के लिए स्वीकृत निधि, अब तक हुए खर्च और उपलब्ध बजट की जानकारी मांगी गई है। जिन कार्यों को प्रशासनिक या तकनीकी मंजूरी नहीं मिली है, उनकी स्थिति और देरी के कारण भी स्पष्ट करने की मांग की गई है। नागरिकों के प्रतिनिधियों के साथ आधिकारिक बैठक आयोजित कर समयबद्ध कार्ययोजना घोषित करने तथा 9 जुलाई के लिखित आश्वासन के तहत पूरे हुए और अधूरे कार्यों की अलग-अलग रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय
नागरिकों ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि बोईसर पूर्व के नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और लंबित विकास कार्यों को पूरा कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
आंदोलन के दिन ग्रामपंचायत प्रशासन से संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की उपस्थिति में चर्चा करने, सभी लंबित मुद्दों पर स्पष्ट लिखित जवाब देने और निश्चित समयसीमा के साथ कार्ययोजना प्रस्तुत करने की अपेक्षा की गई है.यदि ठोस कार्यवाही नहीं होती है, तो आंदोलन को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अनिश्चितकाल तक जारी रखने के साथ ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं सक्षम प्राधिकरणों के समक्ष लिखित शिकायतें प्रस्तुत करने की बात कही गई है।
अब देखना यह होगा कि 30 अक्टूबर को होने वाले इस आंदोलन के बाद ग्रामपंचायत प्रशासन नागरिकों की मांगों पर क्या कदम उठाता है और तीन महीने से लंबित बताए जा रहे विकास कार्यों को पूरा करने के लिए क्या समयबद्ध योजना सामने आती है।






