राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन, “कार्रवाई नहीं तो आंदोलन” की चेतावनी
धर्मांतरण, ‘लव जिहाद’ और अवैध कब्जों के मुद्दे को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने पालघर में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन उपजिलाधिकारी (रेजिडेंट) सुभाष भागड़े को सौंपा गया, जिसमें कई गंभीर मुद्दों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
विहिप के सह मंत्री चंदन सिंह ने कहा कि देश में सुनियोजित तरीके से धर्मांतरण, ‘लव जिहाद’ और अवैध कब्जों की घटनाएं बढ़ रही हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक संतुलन के लिए खतरा बनती जा रही हैं। चंदन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक, वन और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं।नासिक,अमरावती की घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि इस तरह की गतिविधियां बढ़ रही हैं और इन्हें रोकने के लिए कड़े केंद्रीय कानून की आवश्यकता है। नहीं तो विहिप बजरंग दल अपनी स्टाइल में जिहादियों से निपटेंगे।
विहिप नेता मुकेश दुबे ने दावा किया कि समाज में अशांति फैलाने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से महिलाओं और कमजोर वर्गों को निशाना बनाए जाने का आरोप भी उन्होंने लगाया गया है। मुकेश दुबे ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो संगठन आंदोलन तेज करेगा। इस अवसर पर पालघर बोईसर के बड़ी संख्या में विहिप बजरंग दल के कार्यकर्ताओं सहित विभाग मंत्री महेश मिस्त्री,जिला मंत्री जयेश घरत,बजरंग दल के जिला संयोजक कुंदन सिंह आदि मौजूद रहे।






