पालघर जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर नियंत्रण पाने और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के निर्देश पर तकनीक आधारित एक अनोखी पहल शुरू की है। इस अभियान के तहत प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पालघर जिला पुलिस की यातायात शाखा के प्रभारी और सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल व्हटकर के मार्गदर्शन में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार विभिन्न उपाय लागू किए जा रहे हैं। वर्ष 2022 में स्थापित यातायात शाखा ने अब डिजिटल माध्यम के जरिए जनजागरण का नया तरीका अपनाया है। अधिकारियों ने बताया कि देश में हर साल लगभग डेढ़ लाख लोगों की जान सड़क दुर्घटनाओं में चली जाती है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिले में कुल 8 एलईडी स्क्रीन पालघर, बोईसर और विक्रमगढ़, जव्हार और डहाणू में स्क्रीन लगाई गई है। इनमें पालघर के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक, बोईसर के एमआईडीसी नाका और बिरसा मुंडा चौक जैसे अत्यधिक व्यस्त स्थानों पर लगाए गए डिजिटल फलक लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इन स्क्रीन के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े संदेश लगातार प्रसारित किए जा रहे हैं।
प्रमुख संदेशों में सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना, ट्रिपल सवारी से बचना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना और शराब पीकर वाहन न चलाने जैसे निर्देश शामिल हैं। साथ ही नागरिकों से यातायात पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की जा रही है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि पारंपरिक होर्डिंग्स की तुलना में एलईडी स्क्रीन अधिक प्रभावी साबित हो रही हैं, क्योंकि ये लोगों का ध्यान तुरंत आकर्षित करती हैं और संदेशों को स्पष्ट रूप से पहुंचाती हैं। इस पहल से जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।






