पालघर : सूरत–मुंबई इंटरसिटी एक्सप्रेस का अतिरिक्त ठहराव पालघर स्टेशन पर मिलने के बाद सोशल मीडिया पर बोईसर और दहानू के यात्रियों की नाराजगी खुलकर सामने आई। वायरल संदेशों में पालघर सांसद डॉ. हेमंत सवरा पर बोईसर और दहानू की उपेक्षा करने तथा रेल सुविधाओं के मामले में भेदभाव बरतने के आरोप लगाए गए।
लोगों का कहना है कि मुद्दा सिर्फ सूरत–मुंबई इंटरसिटी का नहीं, बल्कि राजस्थान और उत्तर भारत की ओर जाने वाली अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों का भी है, जिनका ठहराव लंबे समय से बोईसर में नहीं है। यात्रियों का कहना है कि तारापुर MIDC, हजारों उद्योग, बढ़ती आबादी और बड़ी संख्या में रेल यात्रियों के बावजूद बोईसर को उसकी आवश्यकता के अनुरूप रेल सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने मांग की कि जिस तरह पालघर स्टेशन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, उसी तरह बोईसर और दहानू के रेल संबंधी मुद्दों को भी समान प्राथमिकता दी जाए। नागरिकों ने फ्लाइंग रानी सहित राजस्थान और अन्य राज्यों की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव बोईसर में सुनिश्चित कराने के लिए जनप्रतिनिधियों से ठोस पहल करने की मांग की।
हाल के समय में पालघर स्टेशन को कई नई/बहाल एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव मिले हैं,जैसे बांद्रा टर्मिनस–भुज कच्छ एक्सप्रेस,स्वराज एक्सप्रेस,बांद्रा टर्मिनस–अजमेर एक्सप्रेस,मैसूर–अजमेर एक्सप्रेस व बांद्रा टर्मिनस–सूरत इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल है जबकि बोईसर के लिए फ्लाइंग रानी, राजस्थान और उत्तर भारत की ओर जाने वाली कई ट्रेनों के ठहराव की मांग अभी भी जारी है।






