पालघर: महाराष्ट्र के पालघर पुलिस मुख्यालय में कार्यरत एक पुलिसकर्मी द्वारा पड़ोस में रहने वाली 13 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में सातपाटी पुलिस थाने में POCSO (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची आरोपी पुलिसकर्मी की पड़ोसी है। 8 जुलाई को वह उधार पैसे मांगने के लिए काशीद के घर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। घर लौटने के बाद बच्ची ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
मामले की गंभीरता और POCSO जैसे संवेदनशील कानून को देखते हुए पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश पर सातपाटी पुलिस ने आरोपी काशीद के खिलाफ मामला दर्ज कर कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस विभाग के एक कर्मचारी के खिलाफ इस तरह के गंभीर आरोप सामने आने से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है। मामले की आगे की जांच सातपाटी पुलिस, पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के मार्गदर्शन में कर रही है।






